मथुरा में जल जनित संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम ने कसी कमर

मथुरा। आगामी माह जुलाई में बारिश के दौरान संभावित संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। शनिवार को भूतेश्वर क्षेत्र स्थित जलकल कंपाउंड में नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा सभी विभागों एवं जल निगम के अधिकारियों की एक बैठक की गई जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि समूचे शहर में फोगिंग पर्याप्त मात्रा में करायी जाये, संकरी गलियों में छोटी मशीन के माध्यम से फोगिंग कराई जाये ।
उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सफाई निरीक्षकों को कहा कि वह संचारी रोगों की रोकथाम हेतु प्रत्येक वार्ड में खाली प्लाटों का चिन्हांकन कर उन्हें साफ कराकर चूना छिडकाव कराये यदि प्लाट में पानी जमा है तो ब्लीचिंग पाउडर मोबिल ऑयल का छिडकाव कराया जाये।
जलकल विभाग एवं जल निगम के अधिकारी जल भराव वाले स्थलों का विशेष ध्यान रखे जल भराव स्थलों पर पम्प सैट लगाकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करे इसमें ढील बर्दाश्त नहीं होगी। इसके अलावा समस्त वार्डो में स्थल का चयन कर पेयजल की जांच कराये। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह आवश्यकतानुसार वार्डों में क्लोरीन की टेबलेट वितरित करायें। मालिन बस्तियों एवम सीमा विस्तार में सम्मिलित ग्रामीण एरिया में सफाई पर विशेष ध्यान जरूरी है । पोखरों मे ब्लीचिंग पाउडर, हैपोक्लोराइड का छिड़काव कराए जाए।
बैठक में अमृत योजना के अन्तर्गत पांच पार्कों का निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराये जाने हेतु सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी सहायक नगर आयुक्त धीरेन्द्र कुमार सिंह लवकुश गुप्ता मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम लेखाधिकारी डा गीता कुमारी महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एस.एस. यादव क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी रामानन्द त्यागी अधिशासी अभियंता जल राधेश्याम सहायक अभियंता सिविल पवन कुमार इरशाल अहमद अधिशासी अभियंता सिविल सहायक अभियंता सिविल नन्दकिशोर सहायक अभियंता जल निगम के.पी. सिंह अवर अभियंता सिविल मुनिदेव अवर अभियंता अरूण कुमार सहित समस्त सफाई निरीक्षक आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।