मथुरा वृंदावन में खुले पड़े बिजली बॉक्स को है किसी मौत का इंतजार

मथुरा। शहर में विद्युत सुधार के लिए बिजली विभाग भले ही लाखों रुपए खर्च कर रहा हो लेकिन विभाग की अनदेखी इस समय किसी जनहानि का कारण बन सकती है। समूचे मथुरा वृन्दावन में केबिल बॉक्स खुले या टूटे पड़े है। विधुत अधिकारी शिकायत मिलने पर भी कोई कार्यवाही नहीं करते। ऊर्जा मंत्री के इलाके के ये हाल शर्मनाक कहे सकते है। जनरल गंज आर्य समाज होली गेट बंगाली घाट चौबिया पाड़ा डैंपियर नगर धौली प्याऊ कृष्णानगर सदर बाजार कृष्णापुरी आदि स्थानों पर जर्जर अवस्था में आ चुके बॉक्स जन हानि के इन्तजार में है। विधुत विभाग केवल इन बॉक्स पर ये चेक करता है की बिजली चोरी तो नहीं हो रही।

कैला नगर में खुले पड़े बिजली बॉक्स को अब किसी मौत का इंतजार है। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शायद इस हादसे के बाद ही बिजली विभाग की नींद खुल सके।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के गृह जनपद मथुरा के सौंख रोड स्थित कैला नगर कॉलोनी में लगा विद्युत बॉक्स पिछले कई दिनों से खुला पड़ा है। भारी आबादी वाले इस इलाके से आए दिन हजारों लोग गुजरते हैं। इतना ही नहीं कई बार खुले पड़े इस विद्युत बॉक्स पर मुंह मारते कई जानवर भी इसकी चपेट में आकर काल के ग्रास में समा चुके हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया है।

रविवार को आई तेज बारिश के बाद कॉलोनी में हुए जलभराव का पानी इस बॉक्स को छूने लगा तो आसपास के लोगों ने वहां से आवाजाही बंद कर दी। स्थानीय लोग कई बार लिखित व मौखिक रूप से इसकी शिकायत कर चुके हैं बावजूद इसके अभी तक किसी भी अधिकारी व कर्मचारी ने इस खुले बॉक्स को बंद कराने की जरूरत नहीं समझी। अनिल कुमार शर्मा, दिनेश गोला, सुनील ठाकुर, मुन्ना शर्मा, कपिल दीक्षित आदि ने शीघ्र ही इस खुले बॉक्स को बंद कराने की मांग की है।

खुले पड़े इस विद्युत बॉक्स की चपेट में आकर अब तक कई जानवर मर चुके हैं। बिजली विभाग में इसकी कई बार शिकायत भी की गई है लेकिन किसी ने अब तक कोई समाधान नहीं किया है।
ऋषि भारद्वाज, कॉलोनी वासी

बारिश के बाद कॉलोनी में जलभराव होने के बाद इसमें अक्सर करंट आने की संभावना बनी रहती है। विभाग को चाहिए कि वह जल्द ही इसे बंद कराएं ताकि भविष्य में होने वाली किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उर्मिला देवी, स्थानीय महिला