भीषण ठंड के कारण यूपी में माध्यमिक विद्यालयों के समय में किया गया बदलाव

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड के कारण माध्यमिक विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। सुबह और शाम के समय में आधे घंटे कम किए गए हैं। अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विद्यालय चलेंगे। शिक्षा निदेशक डॉ महेंद्र देव द्वारा जारी लेटर में कहा गया कि प्रदेश में अत्यधिक ठंड व शीतलहर को देखते हुए मकर संक्रान्ति पर्व तक समस्त बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों की कक्षाओं के समय में बदलाव किया जा रहा है।

अभी तक कक्षाएं सुबह 09:30 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक चलती थीं। अब सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक चलेंगी। सभी विद्यालयों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने के लिए कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने सभी डीआईओएस को भेजे निर्देश में कहा है कि मकर संक्रांति पर्व (14 जनवरी) सभी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालय सुबह 9.30 बजे के स्थान पर सुबह दस बजे से चलेंगे।