मथुरा। महानगर के क्षेत्र में आए दिन जर्जर मकानो के गिरने का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह एक मकान गिरने का समाचार प्रकाश में आया है जिसमें कुछ लोगों के चुटैल होने की खबर है। इससे पहले चौक बाजार क्षेत्र में भी बीते माह एक मकान का हिस्सा गिर गया था। वही वृंदावन में भी मकान गिरने की घटना में कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
महानगर के कच्ची सड़क इलाके में एक जर्जर मकान का बाहरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इससे गली से होकर गुजर रही एक बालिका समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई तत्काल लोग मदद में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुहल्ला कच्ची सड़क में बंटी कुमार का मकान है। मकान काफी पुराना होने की वजह से जर्जर हो चुका है। भवन स्वामी द्वारा इन दिनों मकान को उतरवाया जा रहा था। मजदूर लगाए गए थे। मंगलवार की शाम मजदूर काम कर घर चले गए।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे अचानक मकान का बाहरी हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। इससे उधर से गुजर रही छात्रा छह वर्षीय अनीशा और स्कूटी सवार दीपक अग्रवाल चपेट में आकर घायल हो गए। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इसी मार्ग से कल अग्रसेन जयंती महोत्सव की शोभायात्रा भी निकलनी है।