ब्रज तीर्थ विकास के लिए 40 करोड़ जारी, शनिधाम पर खर्च होंगे 33 करोड़ रुपए

मथुरा। काशी और आयोध्या के पैटर्न पर अब ब्रज के विकास की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उ.प्र. बृज तीर्थ विकास के लिए छाता क्षेत्र को 40 करोड़ रुपये जारी हुए हैँ। इसमें 33 करोड़ से शनिधाम कोकिलावन में विकास कार्य होंगे।
सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज का विकास काशी और आयोध्या के पैटर्न पर कराए जाने की घोषणा पिछले दिनों बरसाना में जनसभा के दौरान की थी। उस पर अब अमल होने लगा है। कोसीकला के निकट तेजी से उभर रहे शनिधाम कोकिलावन के विकास के लिए राज्य सरकार ने 33 करोड़ रुपये जारी किए है । इसमें 25 करोड़ की लागत से टीएफसी, पार्किंग स्थल सहित परिसर में अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा 8 करोड़ रुपये शनिधाम के परिक्रमा मार्ग के पुनर्निर्माण पर खर्च होंगे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इसके अतिरिक्त 7 करोड़ रुपये और भी योजनाओं के लिए जारी हो चुके है जिसमें राधारानी की अष्ट सखियों के गाँव में शामिल ऊंचा गाँव में ईको सिस्टम के लिए एक करोड़ रु जारी हुआ है। उन्होंने बताया कि गाँव श्यारहा स्थित चीर घाट का विकास होगा। इसका उल्लेख श्रीमद भागवत में भी होता है। यहाँ सात करोड़ रुपये के काम होंगे।
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि ब्रज के विकास की प्रक्रिया यहीं नहीं थम रही है। सम्पूर्ण ब्रज में विकास परियोजनाओं पर काम हो रहा है। इसमें बिहारीजी कोरिडोर भी शामिल है। कुछ समस्याएँ अवश्य आती है लेकिन समय पर उनका समाधान हो जाता है। कुछ भ्रम की स्थितिया थी जो खत्म हो रही हैँ। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर मंदिर की जमा राशि का उपयोग कोरिडोर के लिए जमीन खरीद पर होगा जिससे कोरिडोर की जमीन बिहारी जी के नाम रहेगी। यह राशि सरकार देती तो उसका स्वामित्व भी सरकार का हो जाता। मंदिर का स्वामित्व रहे इसलिए जमीन मंदिर के खजाने से ही खरीदी जाएगी। सरकार का काम विकास करना है इसलिए कोरिडोर का विकास सरकार करेगी। उन्होंने गोवर्धन मेला के शांति पूर्वक होने पर जिला प्रशासन को बधाई दी ।