आम जनता को एक और झटका, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ी

नयी दिल्ली । आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 999.50 रुपये हो गया है। बता दें कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमत शनिवार से ही पूरे देश में लागू हो गई हैं। इससे पहले मार्च 2022 में भी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, इस महीने कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 102 रुपये की वृद्धि की गई थी।

इस बढ़ोतरी के बाद लखनऊ में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 1037.5 रुपये का हो गया है। पंजाब में इसकी कीमत 1035 रुपये हो गई है।

बता दें कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। 22 मार्च को, घरेलू एलपीजी सिलेंडर में ₹50 की वृद्धि हुई। घरेलू रसोई गैस की कीमतें लोकल टैक्स के कारण एक राज्य से दूसरे राज्य में अलग-अलग होती हैं। पेट्रोल और पेट्रोलियम उत्पादों में हाल ही में कीमतों में बढ़ोतरी रूस-यूक्रेन की स्थिति के परिणामस्वरूप वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेज वृद्धि के कारण हुई है, जिससे आपूर्ति की चिंता बढ़ गई है।