नगर निगम की परिक्रमा मार्ग पर बड़ी कार्यवाही , 30 साल से किये अवैध कब्जे को हटाया

मथुरा। शहर के जनरल गंज ध्रुव घाट पर 30 वर्षों से मौजूद अवैध कब्जा धारी के विरूद्ध नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण कार्यवाही की है। बुधवार को सुभाष इंटर कालेज के पास परिक्रमा मार्ग के आम रास्ते पर चाहरदीवारी बना चुके अतिक्रमण धारी के कब्जे को निगम ने पुलिस और प्रशासन के सहयोग से ध्वस्त कर हटा दिया। इलाके में अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ चले अभियान से अन्य लोगों के हाथ पांव फूल गए। जिन्होंने लम्बे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा जमा रखा है।

सहायक नगर आयुक्त डीके सिंह आज नगर मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव क्षेत्राधिकारी नगर वरुण सिंह और प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली के साथ भारी पुलिस बल को लेकर ध्रुव घाट परिक्रमा मार्ग पर पहुंचे एक साथ पुलिस और प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के काफिले को देख वहां के लोग घरों में घुस गए। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि बृजमोहन यादव ने पिछले 30 वर्षों से परिक्रमा मार्ग के आम रास्ते पर अपना अवैध कब्जा जमा रखा था। इस मामले में एडीजे के यहां नगर निगम और ब्रज मोहन कब्जा धारक के बीच मुकदमा भी एडीजे की कोर्ट में चला। न्यायालय के फैंसले में ब्रज मोहन कोई ऐसा दस्तावेज पेश नही कर सका जिसमें यह साबित हो सके कि जमीन पर उसका कब्जा जायज है। न्यायालय के फैंसले के पश्चात आज नगर निगम ने कब्जा की हुई जमीन को अतिक्रमकारी से मुक्त कराकर कब्ज़ा कर लिया।