मथुरा । नवरात्र की अष्टमी पर मथुरा में हुई जोरदार बारिश से कई प्रमुख स्थानों पर जल भराव होने की सूचना मिली है वहीं कृष्णा नगर क्षेत्र में विधायक पूरन प्रकाश के घर में पानी भर गया जिससे वह त्राहि माम करते दिखाई दिए। उनके पुत्र पंकज प्रकाश ने अपनी फेसबुक आईडी पर घर में भरे नाले के पानी की वीडियो अपलोड करते हुए नगर निगम की कार्य शैली पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में विधायक पूरन प्रकाश भी घर में भरे जल से परेशान दिखाई दिए और बता रहे हैं कि किचन में भी पानी भर गया है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे से ही मथुरा में जोरदार झमाझम बारिश शुरू हो गई जो करीब 11:00 बजे तक चलती रही।
तेज बारिश के कारण नवरात्रि की अष्टमी पूजन में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ। लोग पूजा करने के लिए मंदिरों में नहीं जा सके। भूतेश्वर नए बस स्टैंड पुराना बस स्टैंड बीएसए कॉलेज की पुलिया के पास काफी पानी भर गया। मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त ने जल भराव वाले स्थान पर पानी निकासी के लिए कर्मचारी अधिकारी मौके पर भेजे जिन्होंने पंप सेट चलवा कर पानी की निकासी कराई।
यकायक हुई इस बारिश से समूचा जनजीवन ठहर सा गया। सरकारी कर्मचारी अपने घरों से दफ्तरों के लिए नहीं निकाल पाए। सुबह-सुबह हुई तेज बारिश से दुकानदार अपनी दुकानों को भी समय से नहीं खोल पाए। उधर वृंदावन में भी बारिश से बहुत स्थिति खराब हुई। बिहारी जी के दर्शन के लिए लोग भीगते हुए मंदिर में पहुंचे। विधायक के पुत्र पंकज प्रकाश ने अपनी दूसरी वीडियो अपलोड करते हुए कमेंट किया है कि भाजपा की मट्टी पालित कराएंगे ये नगर निगम मथुरा सब मजे ले रहे है । जब विधायक के घर में 10 10 इंच पानी है तो और जनता का क्या होगा।