विकसित उत्तर प्रदेश @2047 महाअभियान : मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद में नगर निगम मथुरा-वृंदावन की सहभागिता

मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के संकल्प के अंतर्गत चलाए जा रहे “विकसित उत्तर प्रदेश @2047 – समृद्धि का शताब्दी पर्व” महाअभियान के क्रम में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के नगर निगमों के महापौर एवं पार्षदों, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों व सदस्यों के साथ वर्चुअल संवाद किए।

नगर निगम मथुरा-वृंदावन में यह कार्यक्रम भूतेश्वर कार्यालय सभागार से आयोजित हुआ, जहाँ महापौर विनोद अग्रवाल जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह नगर आयुक्त जग प्रवेश पार्षदगण एवं नगर निगम अधिकारीगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस संवाद में सम्मिलित हुए।

अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित बनाने हेतु नगर निगमों की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने नगर निगमों को आय संवर्धन, रोजगार वृद्धि एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस पहल करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाअभियान के अंतर्गत प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को सम्मिलित कर एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है जो 2047 तक विकसित उत्तर प्रदेश की नींव बनेगा।

इस योजना के अंतर्गत जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु एक QR कोड आधारित ऑनलाइन पोर्टल भी आरंभ किया गया है जिसके माध्यम से प्रत्येक घर से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।