जवाहर बाग में हुई पहली बार डांडिया नाइट, सांसद हेमा मालिनी ने किया उद्धाटन

मथुरा। ब्रज कला चौपाल संस्था के तत्वावधान में जवाहर बाग में पहली डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों, गरबा गीतों की लय और परंपरागत प्रस्तुति ने माहौल को उत्साह और भक्ति से सरोबार कर दिया। जवाहर बाग़ में पहली बार नवरात्र महोत्सव के दौरान इतने बड़े पैमाने पर सांस्कृतिक डांडिया कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं सुप्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीमती हेमा मालिनी ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “ब्रज की संस्कृति विश्व में अपनी पहचान रखती है। ऐसे आयोजन न सिर्फ कला को संजोते हैं बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करते हैं। मैं इस प्रयास के लिए नम्रता सिंह और उनकी टीम को बधाई देती हूँ।
उन्होंने मंच से युवा प्रतिभाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया और डांडिया की झंकार के बीच समाज को एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरआत माता रानी की वंदना और पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। माता रानी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्पांजलि और मंगलाचरण किया गया। मंच और स्थल पर की गई साज-सज्जा में ब्रज की पारंपरिक लोक-शिल्प, रंगोली, फूलों और लाइटिंग का सुंदर संयोजन दिखाई दिया। परिवारों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सजग होकर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं ब्रज कला चौपाल की संस्थापिका कुमारी नम्रता सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य इस तरह के आयोजन के माध्यम से संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ना है।
उन्होंने साथ ही बताया कि जवाहर बाग पर यह आयोजन करना संस्था का सपना था जो अब साकार हुआ। इस मंच को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने जवाहर बाग़ में तैयार किया है।

आयोजन में विशिष्ट अतिथि ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ एस.बी. सिंह ने कहा कि नम्रता सिंह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा विकसित मुक्ताकाशी मंचों पर निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराती हैं। उनके प्रयासों से ब्रज की लोक विरासत जीवंत रहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि परिषद भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए आवश्यक सहयोग देती रहेगी। इस मौके पर मुख्य रूप से सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय हस्तशिल्प स्टॉल, परंपरागत व्यंजन, लोकनृत्य, फोटो जोन, और ब्रज वेशभूषा प्रदर्शनियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने डांडिया और गरबा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा डॉ. अशोक अग्रवाल शरद अग्रवाल (अशोका ट्रैवेल्स) हिमांशु शर्मा दीपक शर्मा सुजीत उपाध्याय विजय श्रीमती किरन कुलश्रेष्ठ श्याम जी सदर वाले बालकिशन चतुर्वेदी प्रवीण अग्रवाल राहुल निषाद श्रीमती लक्ष्मी सिंह श्रीमती नीलू अंकित सक्सेना अभिषेक शिखर परिहार सौरव सुनील अंश सचिन आदि मौजूद रहे |