मथुरा में नगर विकास मंत्री ने दिए दो माह विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश, प्रमुख चौराहो-तिराहों को बनाया जायेगा भव्य

मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के सामने नए बने शौचालय का शुभारम्भ, एन जी ओ संभालेगा व्यवस्था
मथुरा। प्रदेश के नगर विकास मंत्री सफाई व्यवस्था को लेकर काफी सजग नजर आ रहे हैं । शुक्रवार को उन्होंने महापौर और नगर आयुक्त की वर्चुअली मीटिंग में विशेष सफाई अभियान निरंतर चलाने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि यदि हम गंभीरता के साथ सफाई व्यवस्था पर ध्यान दें तो प्रदेश में अच्छी स्थिति बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रात: काल सफाई होने से हम राज्य की जनता को एक अच्छा संदेश दे सकते हैं। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि सफाई कर्मियों को प्रोत्साहित करें। दो माह के अभियान के बारे में नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा अवगत कराया गया कि नगर विकास मंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी प्रमुख तिराहे-चौराहों का सौन्दर्यीकरण कराने के साथ-साथ प्रतिदिन प्रातः 05 बजे से विशेष सफाई अभियान का संचालन, पार्को-शौचालयों का रख-रखाव समेत 12 सूत्रीय कार्यक्रम तैयार किया गया है।

नगर विकास मंत्री ने आज प्रदेश के समस्त नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों में नगरीय सुविधाओं एवं शहरों को सुन्दर बनाने हेतु 15 अप्रैल से 15 जून तक 60 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारम्भ वर्चुअल रूप से किया । मथुरा वृंदावन में 60 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत प्रमुख तिराहों-चौराहों के सौन्दर्यीकरण के लिए पेन्टिंग कार्य का शुभारम्भ वृन्दावन नगर के गांधीपार्क की दीवाल पर पेन्टिंग करते हुए किया गया।
इसके उपरांत नगर के प्रमुख प्रवेश मार्ग मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के सामने स्थापित शौचालय का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य नारियल फोडकर एवं फीता काटकर किया । उक्त शौचालय का संचालन कार्य एनजीओ जागृति स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जायेगा ताकि महिला समूहों की मासिक न्यूनतम आय सुनिश्चित कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। इस दौरान जागृति स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सोनिया माथुर एवं समूह की अन्य महिला सदस्य भी उपस्थित रहीं।
वर्चुअल शुभारम्भ कार्यक्रम में महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके अतिरिक्त अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी मुख्य अभियंता राजवीर सिंह अधिशासी अभियंता एस.पी. मिश्रा पार्षद जय शर्मा लीलाधर हेमंत भारती पवन यादव उत्तम बघेल क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एस.एस. यादव प्रधान लिपिक श्रीगोपाल वशिष्ठ कर अधीक्षक एच.के. गुप्ता शिवम श्रीवास्तव गोपाल शर्मा आदि अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।