धनतेरस का बदलता परिदृश्य: बाजार की चमक और जीवन का यथार्थ

​दीपावली के भव्य पर्व का श्रीगणेश करने वाला धनतेरस का त्योहार हमारी संस्कृति में समृद्धि, स्वास्थ्य और आस्था का त्रिवेणी संगम रहा है। समय के साथ हर पर्व का स्वरूप बदलता है, और आज जब हम धनतेरस के वर्तमान परिदृश्य का विश्लेषण करते हैं, तो हमें परंपरा और आधुनिकता के बीच एक बेहद दिलचस्प और गहरा बदलाव दिखाई देता है। एक तरफ जहां बाजार में रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी और आर्थिक गतिविधियां चरम पर हैं वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ता की सोच, प्राथमिकताओं और सामाजिक सरोकारों में भी एक क्रांतिकारी परिवर्तन आया है।

​धनतेरस का दिन पारंपरिक रूप से सोने, चांदी, पीतल के बर्तनों और आभूषणों की खरीदी के लिए जाना जाता रहा है। वर्तमान वर्ष में भी सर्राफा बाजारों और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारी रौनक देखने को मिली है। हालांकि, इस बार का आर्थिक रुझान कुछ मायनों में अलग है। भौतिक सोने के साथ-साथ आज का जागरूक उपभोक्ता ‘गोल्ड ईटीएफ’ सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड और डिजिटल गोल्ड जैसे वित्तीय साधनों में निवेश को प्राथमिकता दे रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि त्योहारी खरीदारी अब केवल दिखावे या शौक तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक सुविचारित और सुरक्षित वित्तीय निवेश का रूप ले चुकी है।

​इसके साथ ही, छोटे और मझोले व्यापारियों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों के प्रति लोगों का झुकाव यह बताता है कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना अब आम जनमानस के स्वभाव का हिस्सा बन चुकी है। यह आर्थिक दृष्टि से देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों की बढ़ती क्रय शक्ति और मजबूत होती अर्थव्यवस्था का प्रतीक है।

​धनतेरस के इस उत्सव का एक दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण पहलू भगवान धन्वंतरि की आराधना से जुड़ा है। आयुर्वेद और औषधीय जगत के प्रणेता भगवान धन्वंतरि हमें यह याद दिलाते हैं कि दुनिया की समस्त भौतिक संपदाएं और आभूषण अर्थहीन हैं, यदि मनुष्य का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। दुर्भाग्य से, पिछले कुछ दशकों में हमने धनतेरस को केवल ‘धन’ और ‘खरीदारी’ का पर्व मान लिया था और इसके मूल संदेश—’आरोग्य’ को कहीं पीछे छोड़ दिया था।

​आज के दौर में, जब तनाव, अनियंत्रित जीवनशैली और प्रदूषण हमारी सबसे बड़ी चुनौतियां बन चुके हैं, तब धनतेरस के दिन ‘राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस’ का मनाया जाना अत्यंत प्रासंगिक हो जाता है। यह दिन हमें आत्ममंथन करने का अवसर देता है कि हम अपनी जीवनशैली को प्राकृतिक और संतुलित बनाएं। केवल सोने-चांदी के सिक्के तिजोरी में रख लेने से जीवन समृद्ध नहीं होता, बल्कि एक निरोगी काया और मानसिक शांति ही वास्तविक पूंजी है।
धनतेरस और दीपावली की चकाचौंध के बीच खड़ा समाज का एक वंचित वर्ग। बाजार की यह चकाचौंध और विज्ञापनों का दबाव कई बार माध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों पर एक कृत्रिम मानसिक बोझ डाल देता है। धनतेरस का असली मर्म सिर्फ महंगी वस्तुएं खरीदना नहीं, बल्कि अपने आसपास के जरूरतमंदों के जीवन में भी समृद्धि का दीया जलाना है। जब तक त्योहारों की यह चमक समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचेगी, तब तक उत्सव का आनंद अधूरा ही रहेगा।

​आज आवश्यकता इस बात की है कि हम धनतेरस के पर्व को केवल उपभोग और दिखावे का माध्यम न बनाएं। यह समय परंपराओं के पुनरावलोकन का है। हमें एक तरफ अपनी आर्थिक प्रगति और स्मार्ट निवेश के रास्ते अपनाने होंगे, तो दूसरी तरफ अपने शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक सरोकारों को भी उतना ही महत्व देना होगा। यदि हम भौतिक समृद्धि के साथ-साथ मानवीय मूल्यों और सेहत के धन को भी सुरक्षित रख सकें तभी धनतेरस का यह पर्व अपने वास्तविक अर्थों में सार्थक सिद्ध होगा।