स्पेन में दो ट्रेनों की टक्कर , हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत

मैड्रिड । स्पेन में मैड्रिड को दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन पर दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, रेल ऑपरेटर एडिफ ने बुधवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उसी रेल लाइन पर नौ महीने पहले हुए एक अन्य हादसे के बाद हुआ है। उस हादसे में इसी रेल ऑपरेटर की हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। इसमें 46 लोगों की मौत हुई थी।

जनवरी में हुए उस हादसे में एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी। इसके बाद वह सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। यह हादसा कोर्डोबा प्रांत के आदामुज के पास हुआ था। इस घटना के बाद हाल के वर्षों में रेलवे के रखरखाव पर किए गए निवेश के स्तर को लेकर बहस शुरू हो गई थी। एडिफ ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की पीछे से टक्कर के बाद रेल यातायात रोक दिया गया है।

कास्तिया ला मांचा क्षेत्र के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सुबह नौ बजे (स्थानीय समयानुसार) के कुछ ही देर बाद रेनफे और इर्यो की ट्रेनें टकरा गईं। इस टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि हादसे का कारण और घायलों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है। प्रांतीय सरकार के एक सूत्र ने बताया कि इस टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है। कास्तिया ला मांचा के क्षेत्रीय टेलीविजन चैनल की ओर से दिखाए गए वीडियो में एक ट्रेन पटरी से उतरी नजर आई। उसका कम से कम एक डिब्बा ऊंचे रेल ट्रैक पर था। ट्रैक के नीचे ढलान पर मुड़ी हुई धातु, टूटे पैनल और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया। रेल ऑपरेटर एडिफ ने बताया कि यह हादसा मैड्रिड से सेविले जाने वाली रेल लाइन पर हुआ।

पास के उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान ने कैडेना एसईआर को बताया कि आपातकालीन सेवाओं ने नगर परिषद से जरूरी सुविधाएं तैयार करने को कहा है। इनमें एक खेल हॉल भी शामिल है। यहां यात्रियों और घायलों को ठहराने की व्यवस्था की जाएगी। स्पेन सरकार की वेबसाइट पर प्रकाशित प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज के कार्यक्रम में दिनभर के सभी कार्यक्रम हटा दिए गए थे। वहीं, विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने भी अपने सभी चुनाव प्रचार कार्यक्रम रद्द कर दिए। पार्टी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री सांचेज ने एक्स पर लिखा, टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे से मैं स्तब्ध हूं। मैं परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते और कास्तिया-ला मांचा के प्रमुख के संपर्क में लगातार हूं। आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल पर काम कर रही हैं। इस काम में प्रशासन तालमेल कर रहा है। हादसे के सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है।