मथुरा में ग्राहक बनकर आए शातिर ने ज्वैलरी से भरा बैग उड़ाया

सीसीटीवी में कैद वारदात, व्यापारी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

मथुरा । थाना कोतवाली क्षेत्र के चौक बाजार में दिनदहाड़े चोरी की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राहक बनकर आए एक शातिर युवक ने दुकानदार की आंखों के सामने ही ज्वैलरी से भरा बैग पार कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

चौक बाजार निवासी व्यापारी आशीष सोनी के अनुसार घटना बीते गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने एक बैग उन्हें दिया था, जिसमें उनकी बहन की ज्वैलरी रखी हुई थी और उसे रिपेयरिंग के लिए भेजना था। हालांकि उस समय उन्हें बैग में ज्वैलरी होने की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने बैग को दुकान के काउंटर पर ही रख दिया।

इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और बनियान खरीदने लगा। सामान लेने के बाद आरोपी ने बड़ी चालाकी से अपनी खरीदारी के पैकेट के साथ काउंटर पर रखा ज्वैलरी वाला बैग भी उठा लिया और वहां से चलता बना। घटना के वक्त दुकानदार को जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि उसकी आंखों के सामने ही चोरी हो चुकी है।

अगले दिन जब आशीष की मां ने बैग के बारे में पूछा तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज देखने पर उनके होश उड़ गए, जिसमें एक व्यक्ति ग्राहक के रूप में दुकान में आता और ज्वैलरी से भरा बैग लेकर जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित के अनुसार बैग में करीब दो लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन आरोप है कि अभी तक उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित व्यापारी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और ज्वैलरी बरामद कराने की मांग की है।