बिना दवा स्वस्थ जीवन का संदेश लेकर आगे बढ़ रही जगत गुरुत्तम सेवा समिति
ऋषिकेश और वृंदावन में नियमित रूप से सेवा शिविरों का किया जा रहा है आयोजन
मथुरा। बिना दवाओं के स्वस्थ जीवन कैसे जिया जाए, इस उद्देश्य को लेकर जगद्गुरु कृपालु जी महाराज के सपनों को साकार करने में सजग जगत गुरुत्तम सेवा समिति, ऋषिकेश द्वारा आम नागरिकों के साथ-साथ विशिष्ट जनों को भी सेवा शिविरों एवं विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ में समग्र काया कल्प केंद्र ऋषिकेश एवं जगद्गुरुत्तम सेवा समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार से भेंट की।
इस दौरान प्रवक्ता प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि समिति द्वारा ऋषिकेश और वृंदावन में विभिन्न तिथियों पर नियमित रूप से सेवा शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिनमें लोगों को बिना दवाओं के स्वस्थ जीवन जीने के प्राकृतिक एवं योग आधारित उपाय सिखाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को दवा मुक्त जीवन के साथ स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है, जिससे समाज में निरोगी जीवन का संदेश व्यापक रूप से फैल सके।
जगतगुरु कृपालु महाराज के अनन्य शिष्य अजय त्रिपाठी ने आम नागरिकों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है ताकि वह स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान कर सकें।