NZ vs IND: सूर्यकुमार की शतकीय आंधी में उड़ा न्यूजीलैंड , भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई

माउंट मौंगानुई । करिश्माई बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (नाबाद 111) की शतकीय आंधी और दीपक हुड्डा (10 रन पर चार विकेट ) की घातक गेंदबाजी से भारत ने न्यूजीलैंड को रविवार को दूसरे टी20 में 65 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

पहला मैच बारिश से धुल जाने के बाद दूसरे मैच में सूर्य की आंधी चली जिन्होंने मात्र 51 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के उड़ाते हुए नाबाद 111 रन ठोके। भारत ने 191/6 का मजबूत स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 18.5 ओवर में 126 रन पर समेट दिया। दीपक हुड्डा ने 19वें ओवर में चार गेंदों के अंदर तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी को समेट दिया।

सूर्य ने मैच में सबसे अधिक रन बनाए , सबसे अधिक गेंदों का सामना किया, सबसे अधिक चौके और छक्के लगाए, पूरी पारी में उच्चतम स्ट्राइक रेट रखा और साथ ही वह नाबाद भी रहे। वह इस मैच में पूरी तरह हावी रहे जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।