मथुरा । जनपद में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शासन ने “वृन्दावन सर्किल” के गठन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस नए सर्किल के गठन के साथ ही पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन की स्वीकृति के अनुसार वृन्दावन सर्किल का क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है, जो इससे पूर्व क्षेत्राधिकारी यातायात के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति के संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एवं गृह विभाग उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एस एस पी श्लोक कुमार के मुताबिक नवगठित वृन्दावन सर्किल के अंतर्गत थाना वृन्दावन, थाना पर्यटन तथा जनपद का साइबर थाना शामिल किया गया है। प्रशासन का मानना है कि वृन्दावन में वर्षभर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के चलते यहां अलग सर्किल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस नए सर्किल के गठन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय जनपद की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाएगा।