दिव्य-भव्य वृंदावन: सीएम योगी ने किया 23.96 करोड़ का ‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ समर्पित, अयोध्या की तर्ज पर सजे 84 स्तंभ
मथुरा-वृंदावन नगर निगम के प्रयासों की मुक्तकंठ से की सराहना
सीएम योगी ने मंत्रियों व अधिकारियों संग ली सेल्फी, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जताया पूर्ण संतोष
जन्माष्टमी जैसे बड़े पर्वों पर श्रद्धालुओं को मिलेगी भीषण जाम से मुक्ति, यातायात होगा सुगम
मथुरा । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मथुरा प्रवास के दौरान वृंदावन को आध्यात्मिक और आधुनिक विकास की एक नई सौगात सौंपी। मुख्यमंत्री ने राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 23.96 करोड़ रुपये की लागत से नवविकसित एवं भव्य ‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ का विधिवत लोकार्पण किया। पर्यटक सुविधा केंद्र (TFC) से पानीगांव तिराहा तक बनकर तैयार हुए इस अति-महत्वाकांक्षी मार्ग का लोकार्पण करने के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का सघन निरीक्षण और अवलोकन किया। इस दौरान वे सुंदरीकरण और निर्माण कार्यों के उच्च मानक देखकर काफी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने मथुरा-वृंदावन नगर निगम के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
84 कान्हा स्तंभों में झलकती ब्रज की अलौकिक संस्कृति
निरीक्षण के दौरान मुख्य आकर्षण अयोध्या के ‘धर्म पथ’ और ‘राम पथ’ पर स्थापित सूर्य स्तंभों की तर्ज पर बनाए गए 84 ‘कान्हा भक्ति स्तंभ’ रहे। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्ति और ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती इन स्तंभों की बारीक नक्काशी का मुख्यमंत्री ने गहराई से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इन स्तंभों से होकर जैसे ही श्रद्धालु वृंदावन में प्रवेश करेंगे, उन्हें एक अलौकिक और दिव्य अनुभूति होगी, जो ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा को नया आयाम देगी।
गुणवत्ता परखी, मार्ग पर ली मंत्रियों संग सेल्फी
मुख्यमंत्री ने केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि मार्ग पर विकसित आधुनिक सुविधाओं को भी स्वयं परखा। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत लगाई गई अत्याधुनिक आकर्षक स्ट्रीट लाइटिंग, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बने सुरक्षित फुटपाथ और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी व्यवस्था) का बारकी से निरीक्षण कर संतोष जताया। इस दौरान बेहद खुश नजर आ रहे सीएम योगी ने नवनिर्मित मार्ग पर गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण, सलाहकार अवनीश अवस्थी और उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।
भीषण जाम से मिलेगी राहत, बनेगी नई जीवनरेखा
यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से यह नवविकसित मार्ग पूरे शहर के लिए एक बड़ी जीवनरेखा साबित होगा। यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड (कैलाश नगर) स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र को सीधे पानीगांव तिराहा से जोड़ने वाला यह मार्ग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और अन्य प्रमुख त्योहारों पर लगने वाले भीषण जाम की समस्या को पूरी तरह खत्म करेगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अब वृंदावन के मुख्य मंदिरों और क्षेत्रों तक पहुंचना पहले से कहीं अधिक सुगम और समय की बचत करने वाला होगा।