नगर निगम का ‘एक्शन मोड’: भारी बारिश के बाद अंडरपास में भरा पानी, 2 घंटे में पंपों से निकालकर बहाल किया ट्रैफिक

जलभराव पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज की सख्त निगरानी; भूतेश्वर, कंकाली व बस स्टैंड अंडरपास से त्वरित जल निकासी


​मथुरा। मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद प्रातः काल शहर के कई प्रमुख निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जलभराव के कारण जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया। निगम की त्वरित कार्रवाई के चलते महज 1 से 2 घंटे के भीतर प्रभावित स्थानों से पानी निकालकर यातायात को पूरी तरह सुचारु करा दिया गया।

बारिश के बाद विशेष रूप से भूतेश्वर अंडरपास, कंकाली क्षेत्र और न्यू बस स्टैंड अंडरपास में पानी भरने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। संज्ञान में आते ही नगर आयुक्त ओजस्वी राज द्वारा प्रातः 6 बजे ही विशेष टीमों को प्रभावित स्थलों पर रवाना किया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में सभी उपलब्ध उच्च क्षमता वाले पंपों को तत्काल चालू कराया गया, जिससे कम समय में ही जल निकासी संभव हो सकी।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि तीनों प्रमुख स्थानों (भूतेश्वर अंडरपास, कंकाली और न्यू बस स्टैंड अंडरपास) से जल निकासी का कार्य पूरा कर लिया गया है और वर्तमान में सभी मार्गों पर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से चल रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी कर्मचारी, अधिकारी और पंप ऑपरेटर लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर संवेदनशील स्थलों की निगरानी कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम बारिश के दौरान किसी भी स्थान पर जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पंपों की मदद से पानी निकाला जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।