जतीपुरा की तलहटी और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर चला स्वच्छता अभियान

गोवर्धन/मथुरा। “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प के साथ ब्रज वैभव अभियान के तहत रविवार को गोवर्धन के जतीपुरा क्षेत्र की तलहटी एवं परिक्रमा मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। हार्टफुलनेस के स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और श्रद्धालुओं एवं परिक्रमार्थियों से ब्रज की पवित्रता बनाए रखने की अपील की।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने परिक्रमा मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। साथ ही श्रद्धालुओं को जागरूक करते हुए कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।

हार्टफुलनेस के मथुरा समन्वयक निशांत शर्मा ने कहा कि ब्रज भगवान का घर है। जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार ब्रज को स्वच्छ रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। यह केवल स्वच्छता अभियान नहीं, बल्कि ब्रजभूमि के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का भाव है।

हार्टफुलनेस के उत्तर प्रदेश समन्वयक अनुपम अग्रवाल ने अभियान में शामिल स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए उनके उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ब्रज वैभव अभियान से जुड़कर ब्रजभूमि की सेवा करने का आह्वान किया।

अभियान में मथुरा के अलावा इंदौर, नोएडा, दिल्ली, आगरा, अलीगढ़, सासनी, इगलास और गाजियाबाद सहित विभिन्न स्थानों से आए स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इस दौरान प्रीति अग्रवाल, विकास नेमा, अभिषेक बिल्लौर, सुषमा चौधरी, ममता मीना, चौधरी जी, अनीता पांडे, दुर्गा प्रसाद सेन, प्रवीण जी, राहुल दातरे, भारत भूषण, अमन शर्मा, अरुण कुमार पांडे, निर्मल कुमार मंडल, प्रतिभा अकोत्रा, भावना, सुमित्रा देवी अहलावत, सुलेखा शुक्ला, वाई. एन. त्रिपाठी, सतीश पालीवाल सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।