Mathura News: पति के अपहरण के मामले में पत्नी-पुत्री समेत 3 गिरफ्तार , हत्या की साजिश का खुलासा

मथुरा । थाना गोविन्दनगर पुलिस ने पति के अपहरण कर हत्या की साजिश रचने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक अभियुक्त तथा दो अभियुक्ताओं (पत्नी और पुत्री) को घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित राधापुरम तिराहा, मथुरा-वृंदावन रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यह मामला मनोज सोनी के अचानक लापता होने से जुड़ा है। 18/19 अप्रैल 2026 को मनोज सोनी के गायब होने और उनकी पत्नी के घर पर ताला लगाकर चले जाने के बाद उनके भाई रामबाबू ने 11 जुलाई 2026 को थाना गोविन्दनगर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पत्नी और पुत्री की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर 7 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना में सामने आया कि मनोज सोनी की पुत्री का प्रेम संबंध आरोपी विमल चौधरी से था, जिसे लेकर मनोज सोनी परिवार से नाराज रहता था और मारपीट भी करता था। इसी कारण पत्नी ने पुत्री और उसके प्रेमी के साथ मिलकर मनोज सोनी की हत्या के इरादे से अपहरण की साजिश रची। गिरफ्तार आरोपियों में विमल चौधरी पुत्र रामवीर सिंह निवासी गणेशधाम कॉलोनी जयसिंहपुरा थाना गोविन्दनगर शामिल है, जबकि एक महिला आरोपी और एक नाबालिग बालिका अपचारी है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी (UP 85 DB 7544) बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि अपहृत मनोज सोनी की तलाश जारी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय वर्मा, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल रामपाल, गौरव कुमार, मोहित कुमार, महिला हेड कांस्टेबल ऊषा यादव और निशा शामिल रहे।