मथुरा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: 6.27 लाख का 4,200 किग्रा मिलावटी पेड़ा व मिल्क केक नष्ट
वृंदावन में अवैध मावा-मिठाई के काले कारोबार पर सर्जिकल स्ट्राइक, 41 क्विंटल पेड़ा कराया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा टीम का छापा: 9 नमूने सील, 6.15 लाख का अस्वास्थ्यकर पेड़ा मौके पर कराया नष्ट
मथुरा । मिलावटखोरों और अवैध खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त (खाद्य) डाॅ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में सचल दल ने वृंदावन और बल्देव क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 6 लाख 27 हजार रुपये मूल्य का 4,200 किलोग्राम (42 क्विंटल) से अधिक अमानक व अस्वच्छकर पेड़ा और मिल्क केक मौके पर ही नष्ट कराया गया।
उन्होंने बताया कि 4,100 किग्रा पेड़ा एवं 100 किग्रा मिल्क केक जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य: ₹6,27,000/- है। लैब में जांच के लिए 09 सैंपल भेजे गए हैं जांच रिपोर्ट आने पर दर्ज होगी एफआईआर। कांशीराम आवासीय फ्लैट (वृंदावन) में अवैध भंडारण पर चला बुलडोजर। वृंदावन स्थित नियर बसेरा बैकुंठ, मायावती फ्लैट (सेक्टर-3, ब्लॉक नं. 23) में विष्णु अग्रवाल के मकान पर खाद्य सचल दल ने छापा मारा। मौके पर अत्यंत अस्वच्छकर और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बोरों में भरकर रखा गया पेड़ा और मिल्क केक मिला। बोरी पर नियमों के तहत कोई विवरण अंकित नहीं था।
टीम ने गांव सुनरख बांगर में शिशुपाल उर्फ सतपाल के ठिकाने पर दबिश दी। यहाँ से पेड़ा, मिल्क केक और खोआ का 1-1 नमूना संग्रहित किया गया। अस्वच्छकर माहौल में भंडारित 100 किग्रा पेड़ा (कीमत लगभग ₹12,000) नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह द्वारा बल्देव स्थित प्रसिद्ध दुकान ‘हरपाल बाबा पेड़े वाले’ से घेवर का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। इस बड़ी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार, जितेंद्र सिंह, राम नरेश, दिनेश कुमार भारती, रीना शर्मा एवं मोहर सिंह कुशवाह शामिल रहे।