जन्मभूमि के आसपास सीवर लाइन कार्य धीमी गति से चलने पर ठेकेदार को मिली काली सूची में डालने की चेतावनी, 20 लाख रु की लगी पैनल्टी
मथुरा। श्री कृष्ण जन्म स्थान के समीप गोविंद नगर क्षेत्र में अमृत योजना के अंतर्गत सीवर लाइन डाले जाने के मामले में लापरवाही ढिलाई बरतने की निरंतर मिल रही शिकायतो को संज्ञान में लेते हुए गुरुवार को नगर आयुक्त अनुनय झा मौके पर पहुंच गए। सर्वप्रथम उन्होंने जन्मभूमि लिंक रोड पर बिछाई गई सीवर लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि काफी धीमी प्रगति से ठेकेदार द्वारा काम किया जा रहा है जिस पर उन्होंने 15 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए हैं।
इसके उपरान्त महाविद्या क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहाँ भी क्षेत्रीय निवासियों द्वारा सीवर लाइन कार्य धीमी गति से किये जाने की शिकायत की गयी जिस पर नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित ठेकेदार को निर्देशित किया गया कि 30 अप्रैल तक यदि कार्य पूर्ण नहीं कराया जाता है तो फर्म काली सूची में डाले जाने की कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई उ.प्र. जल निगम के अधिशासी अभियंता को कहा कि योजना बनाकर कार्य को समयान्तर्गत एवं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करायें। अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि सम्बन्धित फर्म द्वारा कार्य धीमी गति से किया गया है इस हेतु फर्म पर रू. 20 लाख की पैनल्टी लगायी गयी है।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (जल) नगर निगम विजय कुमार मौर्य अधिशासी अभियंता जल निगम योगेश शर्मा सहायक अभियंता जल निगम के.पी. सिंह सहायक अभियन्ता (जल) नन्दकिशोर सहायक अभियंता (निर्माण) राजकुमार अवर अभियंत जल छत्रपाल सफाई निरीक्षक दीपक कुमार आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।