कमर्शियल LPG सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हुआ , जानिए नई कीमत
अगस्त के पहले दिन होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों को राहत , घरेलू सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली । अगस्त के पहले दिन कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कटौती की है। दिल्ली में सिलिंडर 202 रुपये सस्ता हुआ है जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटाई गई है। नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। कीमतों में कटौती के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत 2728 रुपये हो गई है। इससे पहले जुलाई में दिल्ली में इसकी कीमत 2930 रुपये थी। जुलाई में भी कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कमी की गई थी।
वहीं कोलकाता में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत अब 2872.50 रुपये हो गई है। कीमतों में लगातार दूसरे महीने कटौती से होटल रेस्टोरेंट ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है। कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कटौती का फायदा केवल व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को पहले वाली दर पर ही सिलिंडर मिलेगा।
5 किलो वाले FTL सिलिंडर की कीमत भी घटी
तेल विपणन कंपनियों ने 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलिंडर की कीमत में भी 13 रुपये की कमी की है। इसके बाद दिल्ली में 5 किलोग्राम वाले FTL सिलिंडर की कीमत 808.50 रुपये हो गई है।
लगातार दूसरे महीने मिली राहत
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगातार दूसरे महीने कटौती ऐसे समय हुई है जब वैश्विक ऊर्जा बाजार में भू-राजनीतिक तनाव के चलते आपूर्ति और ईंधन कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कीमतों में कमी से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की ईंधन लागत घट सकती है। इसका असर होटल रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य कारोबारों की लागत पर भी पड़ने की उम्मीद है।