बांके बिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुगम दर्शन व्यवस्था हमारी प्राथमिकता: अशोक कुमार
भूमि व भवन क्रय के लिए गठित उपसमिति में गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल, जल्द होंगी और रजिस्ट्री
मथुरा/वृंदावन। श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर व विकास योजना को लेकर हाई पावर्ड कमेटी की 18वीं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद कमेटी के अध्यक्ष (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 13 अगस्त को प्रभार लेने के बाद से ही विकास योजना को गति देने का कार्य निरंतर जारी है।
अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय में पूर्व में दाखिल याचिका के तहत प्रस्तुत डेवलपमेंट प्लान को स्वीकार करते हुए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उच्च न्यायालय के 8 नवंबर 2023 के आदेश के खिलाफ कोई अपील दाखिल नहीं हुई थी। इसके उपरांत सर्वोच्च न्यायालय ने 8 अगस्त 2025 को हाई पावर्ड कमेटी का गठन कर योजना के क्रियान्वयन के निर्देश दिए थे।
बातचीत के जरिए भूमि व भवनों का क्रय जारी विकास योजना के तहत प्रभावित भूमि और भवन स्वामियों से आपसी सहमति व नेगोशिएशन (वार्ता) के माध्यम से संपत्ति क्रय करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए गठित उपसमिति की कमान पूर्व जिला जज मुकेश मिश्रा के पास है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में गोस्वामी समाज की सहभागिता को लेकर जो उदासीनता थी, उसे दूर करते हुए नए प्रतिनिधियों शैलेंद्र गोस्वामी और गोपेश गोस्वामी को सर्वसम्मति से उपसमिति में शामिल किया गया है। समिति में गोस्वामी बंधुओं के आने से कार्यों को और गति मिलेगी।
अध्यक्ष ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 30 रजिस्ट्री (संपत्ति क्रय) की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और बहुत जल्द अन्य रजिस्ट्री भी संपन्न कराई जाएंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार भीड़ प्रबंधन को दुरुस्त करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को सुगमता, सुरक्षा और सहजता के साथ ठाकुर जी के दर्शन प्राप्त हो सकें।
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृन्दावन की 18वीं बैठक न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद अशोक कुमार की अध्यक्षता में लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद/ अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/ सदस्य मुकेश मिश्रा जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा/ सदस्य विकास कुमार, मुंसिफ / सिविल जज मथुरा/ सदस्य प्रत्यूष आनन्द मिश्रा, जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर / सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/ सदस्य श्लोक कुमार, नगर आयुक्त/ सदस्य ओजस्वी राज, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण/ सदस्य लक्ष्मी एन, अधीक्षण पुरातत्वविद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा/ सदस्य डॉ० स्मिता एस० कुमार, राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी उपस्थित रहे।