मथुरा में वन भूमि पर ‘ऑपरेशन क्लीन’: टैंक चौराहे से औरंगाबाद मार्ग पर हड़कंप, अवैध बैनर जब्त!
सरकारी काम में डाला अड़ंगा तो होगी जेल: क्षेत्रीय वन अधिकारी अतुल
मथुरा। सिविल लाइंस क्षेत्र में टैंक चौराहे से औरंगाबाद मार्ग स्थित संरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए बैनर और पोस्टरों पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इसे सीधे तौर पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मानते हुए विशेष अभियान चलाया और मौके पर लगे सभी अवैध बैनर-पोस्टरों को तत्काल उखाड़कर हटा दिया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) अतुल तिवारी ने बताया कि जिन असामाजिक तत्वों या व्यक्तियों द्वारा संरक्षित वन भूमि पर अवैध बैनर-पोस्टर लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया है, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रेंजर अतुल तिवारी ने स्पष्ट किया कि शासकीय ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ के दौरान बाधा उत्पन्न करने वाले या अधिकारियों के काम में अड़ंगा डालने वाले व्यक्तियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उनकी भी पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वन विभाग के इस कड़े रुख से क्षेत्र में अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।