गुरु पूर्णिमा मेला: मथुरा जंक्शन पर रेलवे की चाक-चौबंद व्यवस्था, 14 अतिरिक्त काउंटर और 6 स्पेशल ट्रेनें शुरू

स्टेशन पर 3500 वर्गफुट का बना वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया,
 जंक्शन पर 110 से अधिक अतिरिक्त रेलकर्मी तैनात, हेल्पडेस्क 24 घंटे चालू,
बिना टिकट एंट्री पर रहेगी पूरी रोक
​मथुरा (राजपथ ब्यूरो)। गुरु पूर्णिमा मेला-2026 के पावन अवसर पर मथुरा एवं गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा मथुरा जंक्शन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी 24 घंटे मेला व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं को त्वरित टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर 14 अतिरिक्त बुकिंग एवं आरक्षण काउंटर खोले गए हैं। इसके साथ ही 9 एटीवीएम  और 22 टिकटिंग फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं, ताकि टिकट काउंटरों पर लंबी लाइनें न लगें।
मेला व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयागराज मंडल से 14, झांसी मंडल से 6 और आगरा मंडल से लगभग 90 वाणिज्यिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मथुरा जंक्शन पर शिफ्टवार ड्यूटी में लगाया गया है। स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ मुस्तैद रहेगा, जिससे बिना टिकट कोई भी व्यक्ति परिसर में प्रवेश न कर सके। सहायता के लिए स्काउट्स एंड गाइड्स भी तैनात हैं।
यात्रियों को धूप व बारिश से बचाने के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम एवं तृतीय प्रवेश द्वार पर दोनों ओर लगभग 3,500 वर्गफुट का विशाल वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए तीनों प्रवेश द्वारों पर 24×7 हेल्प डेस्क और 3 हेल्पलाइन काउंटर क्रियाशील कर दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा 6 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है तथा 5 ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। खानपान स्टॉलों पर ओवरचार्जिंग रोकने और अनधिकृत वेंडरों पर लगाम कसने के लिए आरपीएफ  के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, प्लेटफॉर्मों पर स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता के लिए रेलवे हेल्पडेस्क से संपर्क करें।