मथुरा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को नगर निगम की बड़ी पहल : ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए लागू होंगे कड़े नियम

​नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में ई-रिक्शा और ऑटो संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक

​बिना निर्धारित रूट के नहीं चलेंगे ऑटो व ई-रिक्शा, वाहनों में डस्टबिन रखना भी हुआ अनिवार्य

​मथुरा । धर्मनगरी की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने कमर कस ली है। शनिवार को नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में ऑटो व ई-रिक्शा संगठन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
​बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सड़कों पर ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन केवल उनके पंजीकृत एवं निर्धारित रूटों पर ही होगा। रूट उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मनमाने संचालन से ही प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बनती है, जिसे हर हाल में नियंत्रित किया जाएगा।

​नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने यातायात के साथ-साथ शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए नया निर्देश जारी किया। अब सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चालक अथवा यात्री सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकेंगे, बल्कि डस्टबिन का ही उपयोग करेंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि कान्हा की नगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में चालकों की भूमिका बेहद अहम है।

​”शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है। नियमों का पालन होने से आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी।”
— ओजस्वी राज, नगर आयुक्त (मथुरा-वृंदावन नगर निगम)

​बैठक में अपर नगर आयुक्त एवं ऑटो/ई-रिक्शा प्रभारी सौरव सिंह, ऑटो/ई-रिक्शा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गुलबीर चौधरी समेत संगठन के अनेक प्रतिनिधि और नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन को आश्वस्त किया कि शहर की व्यवस्था सुधारने में वे पूरा सहयोग करेंगे।