मथुरा वृंदावन में स्वच्छता अभियान को मिलेगी रफ्तार: नगर आयुक्त ओजस्वी ने सफाई कर्मियों से किया पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का आह्वान
मथुरा । महानगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से नगर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने, प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समयबद्ध निष्पादन के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा संपन्न हुई।
समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने की बात कही। उन्होंने उपस्थित सभी सफाई कर्मियों और प्रतिनिधियों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सफाई मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त को आश्वस्त करते हुए विश्वास दिलाया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्रतिनिधियों ने कहा कि सभी सफाई कर्मी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, समर्पण एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे ताकि नगर को स्वच्छ बनाया जा सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक खेमे से अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार मौजूद रहे। वहीं सफाई मजदूर संघ एवं विभिन्न संगठनों की ओर से संघ के अध्यक्ष महेश काजू, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर एकता मंच के उत्तम चंद सजना, महानगर अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वृंदावन इकाई के संजय चौहान, ड्राइवर यूनियन के राजवीर सिंह सहित सफाई मजदूर संघ के अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं सफाई कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।