मथुरा में चुनावी बिसात तैयार : 1200 मतदाताओं के मानक पर तय हुए 2247 मतदेय स्थल
DM की बैठक में अंतिम सूची पर लगी मुहर
मथुरा । जनपद में आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के आलेख्य प्रकाशन के उपरांत विभिन्न जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए मतदेय स्थलों के पुनर्समायोजन की अंतिम सूची को मंजूरी दे दी गई।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट करते हुए बताया कि 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित की गई मतदेय स्थल सूची पर निर्धारित समय-सीमा (16 जुलाई) तक कोई भी आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ है। इसके परिणामस्वरूप, पूर्व में तैयार की गई इसी सूची को पूरी तरह से सर्वसम्मत मानकर अंतिम रूप दे दिया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस बार प्रत्येक 1200 मतदाताओं के मानक को आधार बनाकर मतदेय स्थलों का पुनर्समायोजन (रिएडजस्टमेंट) किया गया है। इस प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए पूर्व में 24 से 28 जून के मध्य जनपद के सभी पोलिंग बूथों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए स्थलों के लिए सरकारी भवनों के चिन्हांकन का कार्य पूर्ण किया गया था। तत्पश्चात, 1 जुलाई को सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत सुझाव भी आमंत्रित किए गए थे।
निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजने की समय-सारणी जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आगामी प्रशासनिक कार्यवाहियों का विवरण साझा करते हुए बताया कि
18 जुलाई 2026: मतदेय स्थलों की अंतिम सूची को औपचारिक रूप से फाइनल कर दिया जाएगा।
25, 27 एवं 28 जुलाई: तैयार प्रस्तावों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
31 जुलाई 2026: अंतिम स्वीकृति और अनुमोदन के लिए सभी प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को अग्रेषित कर दिए जाएंगे।