मथुरा में TSCT की श्रद्धांजलि व आभार सभा आयोजित , शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा पर जताया आभार
मथुरा । टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) मथुरा के तत्वावधान में रविवार को बी.एस.ए. इंजीनियरिंग कॉलेज, मथुरा में श्रद्धांजलि सभा एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने पर आभार सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा TSCT के पदाधिकारियों और सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांट विधायक राजेश चौधरी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में टीचर्स सेल्फ केयर टीम को सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने दिवंगत शिक्षक हरगोविंद की पुत्री की आजीवन शिक्षा का दायित्व वहन करने की घोषणा करते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वे हर संभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
TSCT एवं NSCT के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेकानंद आर्य ने कहा कि TSCT की स्थापना का उद्देश्य संकट की घड़ी में शिक्षक परिवारों के साथ खड़े रहना है। उन्होंने कहा कि संगठन ने सेवा, पारदर्शिता और विश्वास के आधार पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संगठन की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कहा कि TSCT की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और सेवा भावना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने संगठन की सदस्यता लेने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी संस्था से जुड़ना उनके लिए गर्व का विषय होगा। उन्होंने दिवंगत शिक्षक परिवारों और उनकी बेटियों के लिए अपनी क्षमता के अनुरूप हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
TSCT के सह-संस्थापक सुधेश पाण्डेय ने कहा कि संगठन की तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत और पारदर्शी बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। शिक्षक साथियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट और मोबाइल एप में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी ने कहा कि TSCT समाज और शिक्षक समुदाय के लिए अत्यंत प्रेरणादायक कार्य कर रही है। TSCT के प्रांतीय संयुक्त मंत्री योगराज सिंह चाहर ने कहा कि मथुरा जनपद की टीम ने सदैव संगठन की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य किए हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक गोविंद सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया। संचालन जिला प्रवक्ता गिरीश कौशिक ने किया।