जून 2026 CM डैशबोर्ड रैंकिंग: आगरा को बड़ा झटका , मथुरा भी टॉप-10 से बाहर

लखनऊ । मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की विकास रैंकिंग में आगरा जनपद को बड़ा झटका लगा है। विकास कार्यों की समीक्षा में 90.30 प्रतिशत अंक हासिल करने के बावजूद आगरा प्रदेश में 68वें स्थान पर पहुंच गया है, जिससे जिले की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मई माह में मथुरा की स्थिति बेहतर थी और वह टॉप-10 में 8वें स्थान पर था, लेकिन जून की रैंकिंग में मथुरा भी शीर्ष 10 से बाहर हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार मथुरा, एटा और मैनपुरी जैसे जिले आगरा से आगे निकल गए हैं। वहीं बागपत ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जो इस रैंकिंग का सबसे बड़ा आकर्षण रहा।

इस रैंकिंग ने जिलों में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग, क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। आगरा जैसे बड़े और महत्वपूर्ण जिले का निचले पायदान पर पहुंचना प्रशासनिक कार्यशैली की समीक्षा की मांग करता है। मथुरा का टॉप-10 से बाहर होना भी चिंता का विषय है। पिछले महीने बेहतर प्रदर्शन के बाद इस गिरावट को सुधारना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। जून में मथुरा प्रदेश में 14वें स्थान पर आया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आगरा और मथुरा आने वाले महीनों में अपनी रैंकिंग सुधार पाएंगे या नहीं।