मथुरा । चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक गुंबद का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। तेज धमाके जैसी आवाज से मस्जिद परिसर और आसपास के बाजार में अफरा तफरी मच गई। घटना के समय मस्जिद के अंदर नमाज अदा की जा रही थी। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। पहले लोगों को किसी विस्फोट की आशंका हुई लेकिन बाहर आकर देखा तो मस्जिद के गुंबद का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था। आसपास के दुकानदार भी आवाज सुनकर अपनी दुकानों से बाहर निकल आए। एक दुकानदार ने बताया कि मलबा मस्जिद की ऊपरी छत पर गिरा जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गुंबद का हिस्सा सीधे सड़क पर गिरता तो वहां से गुजर रहे राहगीरों और बाजार में मौजूद लोगों को गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के समय बाजार में सामान्य आवाजाही जारी थी लेकिन मलबा सड़क तक नहीं पहुंचा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गुंबद का बाहरी हिस्सा और प्लास्टर कमजोर हो गया होगा। हालांकि गुंबद का हिस्सा किन कारणों से गिरा इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा तकनीकी जांच कराई जाएगी जिसके बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। जामा मस्जिद कमेटी से संपर्क किए जाने पर उन्होंने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक इमारत की विस्तृत तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।