ब्रज की पवित्रता के लिए महाअभियान: मंडलायुक्त सहित दिग्गजों और श्रद्धालुओं ने गोवर्धन में उठाई झाड़ू

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से साफ हुआ टनों प्लास्टिक और कचरा

​​
​मथुरा। ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान के अंतर्गत रविवार को गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर एक विशाल स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली ब्रज की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
​उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महाअभियान में रविवार को उज्ज्वल ब्रज संस्था के सहयोग से संत गयाप्रसाद जी की समाधि और रमणरेती आश्रम से सफाई कार्य की शुरुआत हुई। मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर और कचरा उठाकर श्रमदान किया और आम जनता को स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग की तलहटी से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, रैपर तथा अन्य कचरा एकत्र किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ब्रज को हमेशा स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।

इस विशाल अभियान में ब्रज क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य रूप से जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायन दास अग्रवाल, केडी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, जीएलए के कुलपति प्रो. अनूप गुप्ता, उमा मोटर्स के पवन चतुर्वेदी, ब्रजवासी ग्रुप के राजीव ब्रजवासी, सुरेश कौशिक, कृष्णकांत बेरीवाल, उज्ज्वल ब्रज संस्था के सचिव अनंत शर्मा और हरिओम बाबा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव पांडेय, तकनीकी विशेषज्ञ आर.पी. सिंह और तपेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
​इनके अलावा विभिन्न संस्थानों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, समाजसेवी एवं सैकड़ों स्वयंसेवकों ने सुबह से ही परिक्रमा मार्ग में जुटकर पूरे क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।