मथुरा में सनसनी: टैंटीगांव में व्यापारी परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट, बाजार बंद

मथुरा। थाना सुरीर क्षेत्र के कस्बा टैंटीगांव में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने परचून कारोबारी के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बनाते हुए नगदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान लूट लिया।
पीड़ित व्यापारी अजय अग्रवाल (भद्रवन वाले) के घर में उस समय चार सदस्य मौजूद थे, जिनमें उनकी चार साल की मासूम बेटी भी शामिल थी। जानकारी के अनुसार, बदमाश घर की टट्टर जाल खोलकर अंदर दाखिल हुए और सभी को बंधक बनाकर बेखौफ अंदाज में लूटपाट को अंजाम दिया।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप बाजार बंद कर दिया गया और पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे की मांग की गई।
सूचना पर थाना प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्ध लोगों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।