राया में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार, एजेंसी पर उमड़ी भीड़, ब्लैक में 1400 रुपये तक पहुंची कीमत

राया (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। कस्बा राया में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और सिलेंडर लेने के लिए लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले मोबाइल के जरिए ऑनलाइन बुकिंग आसानी से हो जाती थी लेकिन अब बुकिंग नहीं हो पा रही है। मजबूरी में उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने के लिए एजेंसी पर पहुंचना पड़ रहा है। इसी वजह से एजेंसी परिसर में रोज बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी जा रही है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी अक्सर सर्वर डाउन होने की बात कहकर लोगों को लौटा देते हैं। कई लोगों ने बताया कि बुकिंग होने के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है जिससे परेशानी और बढ़ गई है। फिलहाल एजेंसी पर गैस सिलेंडर 930 रुपये में दिया जा रहा है लेकिन जरूरतमंद लोगों को हॉकरों द्वारा वही सिलेंडर एक हजार से लेकर 1400 रुपये तक ब्लैक में बेचा जा रहा है। इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों पर गैस रिफिलिंग करने का भी आरोप लगाया है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की मांग की है।