नगर निगम की कार्रवाई: गृहकर-बकाया पर एक भवन सील, दो से वसूले 1.60 लाख

मथुरा। नगर आयुक्त जग प्रवेश के आदेश के अनुपालन में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने भूतेश्वर जोन में संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की एवं सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम की टीम ने भवन संख्या 178/182, अवागढ़ फार्म हाईवे किनारे स्थित भवन स्वामी चैब सिंह पर 4,86,916 रुपये के बकाये के मामले में कार्रवाई की। सीलिंग से बचने के लिए भवन स्वामी ने मौके पर 1,20,000 रुपये का चेक नगर निगम कोष में जमा कराया।
वहीं भवन संख्या 178/183 टू-डी के स्वामी शिवराम पुत्र नारायण सिंह पर 1,51,035 रुपये का बकाया चल रहा था। कई बार मांग नोटिस और अंतिम नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान न करने पर नगर निगम की टीम ने उक्त भवन को सील कर दिया।
इसी दौरान भवन संख्या 178/33 की स्वामिनी नीलम अग्रवाल पत्नी पवन पर 40,000 रुपये का बकाया था, जिसे उन्होंने चेक के माध्यम से जमा करा दिया।
कार्रवाई के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेन्द्र सिंह यादव, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद कुमार यादव, संबंधित क्षेत्र के कर संग्राहक, नगर निगम की प्रवर्तन टीम तथा क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा।