योगी का ब्रज को ₹300 करोड़ का ‘दिव्य’ उपहार: रेल पटरी पर दौड़ेगी फोरलेन सड़क, यमुना में चलेंगे क्रूज

​ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 8वीं बैठक में बड़े फैसले; 84 कोस परिक्रमा मार्ग और हेरिटेज सिटी के कार्यों में आएगी तेजी


वृंदावन । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ब्रज के कायाकल्प के लिए विकास का नया रोडमैप तैयार किया है। वृंदावन में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद’ की आठवीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब 300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। इस बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को फोरलेन मार्ग में बदलने और यमुना में क्रूज व नौका संचालन शुरू करने का प्रस्ताव रहा।

​ब्रज की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के अनुपयोगी ट्रैक को फोरलेन सड़क में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और रेलवे के बीच समन्वय कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पॉड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (Pod Taxi) की संभावनाओं को टटोलने के लिए व्यवहार्यता अध्ययन (Feasibility Study) के भी आदेश दिए गए हैं।

​यमुना में जलमार्ग और पीपीपी मॉडल पर सुविधाएं
​आने वाले समय में श्रद्धालु मथुरा से वृंदावन के बीच यमुना की लहरों पर क्रूज का आनंद ले सकेंगे। बैठक में यमुना रिवर फ्रंट पर जलमार्ग विकसित करने और पीपीपी मॉडल पर क्रूज संचालन को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा गोवर्धन, मथुरा और वृंदावन में पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं को भी निजी भागीदारी (PPP) से आधुनिक बनाया जाएगा।

​पर्यावरण और संस्कृति का संगम
​मुख्यमंत्री ने ब्रज के प्राकृतिक स्वरूप को बचाने के लिए 36 वनों के इको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट की सराहना की और आगामी मानसून में व्यापक वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा। छाता के अजीजपुर में एक अत्याधुनिक वाटर म्यूजियम बनाने के लिए सिंचाई विभाग की जमीन परिषद को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

​बैठक की बड़ी बातें
​84 कोस परिक्रमा: मार्ग के विकास के लिए कार्ययोजना को तत्काल धरातल पर उतारने के निर्देश।
​प्रदूषण मुक्त यमुना: एसटीपी और पंपिंग स्टेशनों का काम समय पर पूरा करने को कहा ताकि यमुना में गंदगी न गिरे।
​डिजिटल ब्रज: सीएम ने ‘डोनेशन मैनेजमेंट डिजिटल सिस्टम’ का शुभारंभ किया, जिससे दान प्रक्रिया पारदर्शी होगी।
​हेरिटेज सिटी: यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के अंतर्गत विकसित होने वाली हेरिटेज सिटी पर भी मंथन।
​बजट की गारंटी: सीएम ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत परियोजनाओं के बजट में कोई कटौती नहीं होगी।

​”ब्रज की पहचान इसकी आध्यात्मिकता और संस्कृति से है। हमारा लक्ष्य तीर्थयात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देना और यमुना जी की अविरलता सुनिश्चित करना है। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा।” > — योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

इस महत्वपूर्ण बैठक में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सांसद हेमा मालिनी, परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी अमृत अभिजात आदि मौजूद रहे।