चंद्रग्रहण पर बदले वृंदावन में ठा. बाँकेबिहारी के दर्शन व आरती के समय, 3 मार्च को विशेष व्यवस्था

मथुरा। चंद्रग्रहण के अवसर पर वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बाँकेबिहारी जी मंदिर में दर्शन एवं सेवा-आरती की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, अशोक कुमार ने अवगत कराया कि मंगलवार 03 मार्च 2026 को पड़ रहे चंद्रग्रहण को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर की राजभोग एवं शयनभोग सेवाएं विशेष निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि ग्रहण के धार्मिक नियमों के पालन हेतु मंदिर में सेवाओं का समय सीमित रखा गया है तथा श्रद्धालुओं को निर्धारित समय में ही दर्शन प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के अनुसार राजभोग सेवा में सेवायत का निज मंदिर में प्रवेश प्रातः 05:15 बजे होगा, दर्शन प्रातः 06:15 बजे खुलेंगे, श्रृंगार आरती प्रातः 06:25 बजे संपन्न होगी, इसके पश्चात प्रातः 06:30 बजे छींटा देकर पर्दा बंद किया जाएगा और राजभोग सेवा प्रारंभ होगी। राजभोग आरती प्रातः 08:25 बजे होगी तथा प्रातः 08:30 बजे पुनः छींटा देकर पर्दा बंद कर दिया जाएगा, जबकि सेवायत का निज मंदिर से निकास प्रातः 09:00 बजे होगा।
इसी प्रकार शयनभोग सेवा में सेवायत का प्रवेश शाम 07:00 बजे होगा, दर्शन शाम 08:00 बजे खुलेंगे, शयन आरती रात 09:55 बजे संपन्न होगी, रात 10:00 बजे छींटा देकर पर्दा बंद किया जाएगा तथा सेवायत का निकास रात 10:30 बजे होगा।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारिणी का पालन करें, भीड़ प्रबंधन में सहयोग दें तथा शांति एवं अनुशासन बनाए रखें। चंद्रग्रहण के कारण वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है जिसे देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।