मथुरा-वृन्दावन में नगर निगम का चाबुक : अवैध कब्जे और होर्डिंग्स पर चला बुलडोजर, 1000 वर्ग गज सरकारी जमीन मुक्त
मथुरा। धर्मनगरी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की प्रवर्तन टीम ने आर-पार की जंग छेड़ दी है। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल आर.के. सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सघन अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग्स, ढकेलों और स्थायी कब्जों को जमींदोज किया गया।
नगर निगम की टीम ने छटीकरा, मल्टी लेवल पार्किंग, हनुमान तिराहा और अटल्ला चुंगी जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ घेरकर खड़े 35 ढकेलों को जब्त कर निगम में जमा कराया गया। शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे कुल 131 अवैध होर्डिंग्स को उखाड़ फेंका गया। मच्छी फाटक से स्टेट बैंक चौराहा, बीएसए कॉलेज रोड और भूतेश्वर तिराहा तक चले अभियान में टायर, प्लाई बोर्ड, लकड़ी की बेंच और अन्य अतिक्रमण सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई का सबसे बड़ा प्रहार लक्ष्मी नगर स्थित नगला कोलू क्षेत्र में देखने को मिला। यहाँ नगर निगम की लगभग 1000 वर्ग गज बेशकीमती भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। टीम ने वहां बनी अवैध झोपड़ियों और अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया। शेष अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को 2 दिन की अंतिम चेतावनी दी गई है।
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।