राहुल ने ‘मोहम्मद दीपक’ को गले लगाया , बोले साहस की लौ हर युवा में जलनी चाहिए

नई दिल्ली । उत्तराखंड के कोटद्वार में रहने वाले ‘मोहम्मद दीपक’ ने सोमवार को यहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। गौरतलब है कि कोटद्वार के दीपक पिछले दिनों तब चर्चा में आये जब उनके शहर में एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान के नाम से बाबा शब्द हटाने को लेकर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया था। दीपक ने हिंदू संगठनों का विरोध किया तो उनसे नाम पूछा गया तो दीपक ने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था।

श्री गांधी ने 10 जनपथ में उनसे मिलने आये दीपक को गले लगाया और उनकी जमकर तारीफ की। कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स पेज पर उनके गले मिलने की तस्वीर देते हुए लिखा “दो भाई-मोहब्बत के सिपाही। मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की वो मिसाल पेश की है-जो देश के हर युवा को अन्याय और नफरत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा। दीपक ‘मोहब्बत की दुकान’ के योद्धा हैं-पूरे देश को इन पर गर्व है।”

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने सोशल मीडिया एक्स पर दीपक से मुलाकात के बाद लिखा “हर इंसान, एक समान, यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात-एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।”