होली पर ब्रजवासियों को रेलवे का बड़ा तोहफा: मुंबई और काठगोदाम के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, मथुरा में होगा ठहराव
मथुरा। रंगों के महापर्व होली पर घर आने वाले परदेसियों और ब्रज की होली देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट की समस्या को देखते हुए रेलवे ने मथुरा होकर मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा दी गई इस सौगात से दिल्ली-मुंबई रूट के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा
के अनुसार गाड़ी संख्या 09075/09076 मुम्बई सेंट्रल–काठगोदाम–मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन कुल 5 फेरों के लिए किया जाएगा।
ट्रेन का शेड्यूल इस प्रकार है:
मुंबई से रवानगी: 09075 मुम्बई सेंट्रल–काठगोदाम स्पेशल 25 फरवरी से 25 मार्च 2026 तक हर बुधवार को प्रस्थान करेगी।
काठगोदाम से रवानगी: 09076 काठगोदाम–मुम्बई सेंट्रल स्पेशल 26 फरवरी से 26 मार्च 2026 तक हर गुरुवार को संचालित होगी।
यह ट्रेन मुंबई से चलकर अगले दिन सुबह 07:00 बजे मथुरा जंक्शन पहुँचेगी जो यात्रियों के लिए बहुत सुविधाजनक समय है। वहीं वापसी में काठगोदाम से चलकर यह अगले दिन दोपहर 01:15 बजे मथुरा जंक्शन पर रुकते हुए मुंबई की ओर रवाना होगी। इससे ब्रज क्षेत्र के व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। यात्रियों के आराम का ध्यान रखते हुए इस ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से लैस कुल 18 कोच लगाए गए हैं जिसमे
AC श्रेणी: 01 सेकंड एसी और 05 थर्ड एसी कोच। स्लीपर व जनरल: 08 शयनयान (स्लीपर) और 02 साधारण द्वितीय श्रेणी कोच। 02 जीएसएलआरडी कोच भी शामिल हैं।
यह विशेष ट्रेन अपने सफर के दौरान बोरीवली, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली, इज्जतनगर, लालकुआं और हल्द्वानी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।