वृंदावन में ताज विवांता के पास सिद्दी विनायक इन होटल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

वृंदावन । शहर की पाश कॉलोनी रुक्मणि विहार स्थित सिद्दी विनायक इन में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और काले धुएं के गुबार दूर से ही दिखाई देने लगे जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा ताज विवांता होटल के समीप स्थित निर्माणाधीन होटल परिसर में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और होटल के अंदर मौजूद मजदूरों व कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। बताते है आगजनी से एक बच्चा झुलस गया है। मौके सीओ सदर सहित बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गयी है। राया के सुभाष अग्रवाल नगोड़ा वालों ने ये होटल खोला था। आज राया से काफी लोग गए थे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया है। बताते है होटल में ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम चल रहा था। वायरल वीडियो में लोगों को होटल से जान बचाकर भागते हुए देखा जा सकता है। मौके पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार हादसे के समय भवन के अंदर कुछ लोग मौजूद थे जिनके फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मी और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारण होटल के अंदर रखा निर्माण सामग्री, बिजली का सामान तथा फर्नीचर जलकर खाक हो गया। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए, मौके पर होटल ताज विवांता की टीम ने अपने फायर उपकरणों से आग बुझाने में अहम् भूमिका निभाई। ।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक नवनिर्मित 24 कमरों के होटल के उद्घाटन समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। यह होटल सुभाष अग्रवाल का बताया जा रहा है, जहाँ शुभ उद्घाटन के लिए पूजा-पाठ चल रहा था। उन्होंने बताया ​एक छोटा बच्चा मामूली रूप से झुलस गया है, लेकिन वह खतरे से बाहर है। ​एक महिला को भी मामूली चोटें आई हैं। ​शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। होटल का बाहरी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
​घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बांके बिहारी जी की असीम कृपा रही कि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। होटल को काफी नुकसान पहुँचा है, लेकिन सभी लोग सुरक्षित हैं।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि भवन के भीतर कितने लोग मौजूद थे और सभी सुरक्षित बाहर निकल पाए या नहीं।