बरसाना का राधारानी रोपवे फिर हुआ चालू, दो मिनट में पहुंचेगा मंदिर

मथुरा । बरसाना स्थित राधारानी रोपवे (उड़न खटोला) सात दिन के वार्षिक तकनीकी परीक्षण एवं मरम्मत कार्य के बाद रविवार से पुनः संचालित कर दिया गया है। रोपवे सेवा 1 फरवरी से 7 फरवरी तक बंद रही। अब इसे नए तकनीकी बदलावों के साथ शुरू किया गया है। रोपवे प्रबंधन के अनुसार, अब ट्रॉली बीच में नहीं रुकेगी। पहले व्यवस्था में ट्रॉली मध्य स्टेशन पर कुछ समय के लिए ठहरती थी, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती थी। नए सिस्टम के तहत ट्रॉली नीचे स्टेशन से सीधे राधारानी मंदिर तक पहुंचेगी और ऊपर से नीचे भी बिना रुके संचालित होगी।

तकनीकी सुधार के बाद अब रोपवे से नीचे से ऊपर मंदिर तक पहुंचने में लगभग दो मिनट का समय लगेगा। इससे बुजुर्ग, बच्चों और महिलाओं को पहाड़ी चढ़ाई से राहत मिलेगी। भीड़ के समय श्रद्धालुओं की कतार भी तेजी से आगे बढ़ सकेगी। वार्षिक तकनीकी परीक्षण के दौरान केबल, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रॉली संचालन व्यवस्था और सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य भी पूरे किए गए। प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष यह प्रक्रिया अपनाई जाती है।

राधारानी मंदिर ब्रज क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मथुरा जनपद सहित आसपास के जिलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरसाना पहुंचते हैं। रोपवे सेवा के पुनः शुरू होने से श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी। प्रशासन एवं रोपवे प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।