कलेक्ट्रेट में डीएम का सख्त एक्शन, एक हफ्ते में निपटेंगे सभी लंबित मामले
वार्षिक निरीक्षण में अफसरों को फटकार, फरियादियों को राहत देने पर जोर
मथुरा । जिलाधिकारी सीपी सिंह ने गुरुवार को मथुरा कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न अनुभागों की फाइलों का परीक्षण किया और साफ कहा कि जनहित के मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने RTI सेल, चरित्र सत्यापन शाखा एवं भूलेख अनुभाग की पत्रावलियों की गहन समीक्षा की। कई मामलों में अनावश्यक देरी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित पटल सहायकों को सख्त निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों के हितों को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने आदेश दिया कि आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन व GPF से जुड़े समस्त अभिलेख पहले से तैयार किए जाएं, ताकि सेवानिवृत्ति के दिन ही उनका भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर के कायाकल्प की दिशा में चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ISO सर्टिफिकेशन के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। बिजली की बचत के लिए रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। ऐतिहासिक भवन की पहचान बनाए रखने हेतु जीर्णोद्धार कार्य कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा हमारा लक्ष्य है कि आम जनता को अपने कार्यों के लिए लखनऊ के चक्कर न लगाने पड़ें। जिले के स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज वर्मा अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुरेंद्र कुमार एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा डिप्टी कलेक्टर आदेश कुमार प्रशासनिक अधिकारी मनमोहन तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।