मथुरा की बिजली व्यवस्था पर एमडी UPPCL का सख्त रुख, लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के संकेत

शिकायत निस्तारण, ग्रीष्मकालीन आपूर्ति और राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

मथुरा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार (IAS) ने मथुरा में बिजली व्यवस्था को लेकर अफसरों की क्लास लगा दी। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि उपभोक्ता शिकायतों में लापरवाही, राजस्व वसूली में ढिलाई और ग्रीष्मकालीन तैयारियों में सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य पूरे न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय है।
बैठक में उपभोक्ता सेवा एवं शिकायत निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एमडी ने निर्देश दिए कि हेल्पडेस्क और टोल-फ्री नंबर 1912 पर दर्ज होने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण केवल समयबद्ध ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापरक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की संतुष्टि ही विभाग का असली पैमाना है। साथ ही 01 फरवरी से शहरी क्षेत्रों में लागू नई वर्टिकल व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और स्थिर विद्युत आपूर्ति मिल सके।
ग्रीष्मकालीन विद्युत आपूर्ति को लेकर एमडी ने कहा कि बिजनेस प्लान के अंतर्गत चल रहे सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। स्टोर में आवश्यक सामग्री की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ट्रांसफार्मर डैमेज रेट को कम करने के लिए तकनीकी स्तर पर ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व वसूली को लेकर प्रबंध निदेशक ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने लक्ष्य प्राप्त न करने वाले अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि शिथिलता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। योजना की अवधि समाप्त होने के बाद लक्ष्य से पीछे रहने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के बाद प्रबंध निदेशक ने कैंट विद्युत परिसर का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पडेस्क पर दर्ज शिकायतों का रैंडम फीडबैक लेकर निस्तारण की वास्तविक स्थिति को परखा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी सीपी सिंह ने भी प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर जनपद की विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।