हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से मथुरा को मिलेगा बड़ा लाभ: खंदौली

योजनाओं से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा नया बल

मथुरा। केंद्र सरकार द्वारा घोषित सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में से दो प्रमुख कॉरिडोर — दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी — उत्तर प्रदेश को मिलने से प्रदेश को बड़ा फायदा होगा। इससे ब्रज क्षेत्र सहित कई जिलों में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के ब्रज प्रांत संयोजक हेमंत खंदौली ने कहा कि अभी उत्तर प्रदेश में देश की सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रदेश में अब तक कोई भी पूर्ण हाईस्पीड रेल कॉरिडोर नहीं था। ऐसे में वाराणसी से जुड़े दो हाईस्पीड कॉरिडोर यूपी के लिए ऐतिहासिक साबित होंगे। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का लाभ कम से कम दस जिलों को मिलेगा, जिनमें वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कन्नौज, न्यू इटावा, आगरा, मथुरा और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं।
हेमंत खंदोली ने कहा कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से मथुरा जैसे धार्मिक एवं पर्यटन नगरी को विशेष लाभ मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को विकास की नई रफ्तार देगी और प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाएगी।