कृष्णकुलम स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘सृजन’ की धूम: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

​मथुरा । स्थानीय कृष्णकुलम स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘सृजन’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ छात्रों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। ​समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र ग्रेवाल, स्कूल के डायरेक्टर कृष्ण कुमार शर्मा और डीन शुभम गोधर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

​गणेश वंदना से शुरू हुए सांस्कृतिक सफर में चंद्रयान मिशन, रामायण संगीत नाटक, और महाभारत रैप ने आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम पेश किया। विद्यार्थियों ने कलबेलिया, लावणी, कत्थक फ्यूजन और ब्रज की रासलीला के माध्यम से भारत की विविध संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया। ​मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र रावत (एसएसपी ग्रामीण) ने अपने संबोधन में कहा, “अनुशासन और ईमानदारी ही छात्र को विशिष्ट बनाती है।” उन्होंने बच्चों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया और अभिभावकों से बच्चों में सेवा भाव विकसित करने की अपील की। शैलेंद्र ग्रेवाल ने आधुनिक शिक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण को भविष्य की जरूरत बताया। ​सेक्रेटरी दीपक मुकुटमणि ने वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक और खेल जगत की उपलब्धियों को साझा किया। इस अवसर पर विद्यालय ने सर्वांगीण प्रदर्शन के आधार पर ​हर्षिता चौधरी (कक्षा 5) कंचित (कक्षा 11) को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा।

​डायरेक्टर कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। प्रधानाचार्या शुभम गोधर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के सफल संचालन में दीपक ठाकुर (नृत्य), आशीष व गौरव (संगीत) सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। ​समारोह के अंत में राष्ट्रगान हुआ, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और शिक्षाविद उपस्थित रहे।