महोली रोड सीडीएस नगर में सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप
मानकों को ताक पर रखकर डाली गई आरसीसी, नागरिकों में आक्रोश
मथुरा । महोली रोड स्थित सीडीएस नगर की पहली गली में कराए गए आरसीसी सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितता सामने आई है। सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं निर्भय सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्याम बिहारी भार्गव तथा स्थानीय निवासी देवदत्त गौतम, देवेंद्र शर्मा, एच.एस. राणा, रमा शर्मा, उमेश सारस्वत व रामगोपाल यादव ने नगर आयुक्त एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया है कि आरसीसी सड़क की मोटाई मात्र एक से दो इंच रखी गई है, जबकि मानकों के अनुसार मोटाई कहीं अधिक होनी चाहिए। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर बनी नालियों का निर्माण भी मानकविहीन है। नालियों में जगह-जगह मलबा भरा हुआ है तथा बीच-बीच में अवरोध हैं, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है।
नालियों में पानी भरने से पानी घरों की नींव में घुस रहा है, जिससे मकानों की मजबूती को खतरा उत्पन्न हो गया है। आरोप है कि ठेकेदार ने नालियों की सफाई कराने से साफ मना कर दिया और कहा कि यह नगर निगम का काम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में स्थानीय पार्षद कुलदीप पाठक से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। निवासियों ने मांग की है कि सड़क व नालियों के निर्माण की जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई हो तथा मानकों के अनुसार पुनः निर्माण कराया जाए।