“मनरेगा बचाओ संग्राम” को धार देने में जुटी कांग्रेस, राजन पाठक को मथुरा की जिम्मेदारी मिली
तीन जिलों के लिए समन्वयकों की संशोधित सूची जारी
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक स्तर पर अहम कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय के निर्देश तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अनुमोदन पर तीन जनपदों के लिए वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समन्वयक नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के ‘वार रूम’ प्रभारी संजय दीक्षित द्वारा जारी की गई संशोधित सूची के अनुसार —
मथुरा से राजन पाठक , फिरोजाबाद से मोहित राठौर और फर्रुखाबाद से अर्चना राठौर को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त समन्वयक अपने-अपने जनपदों में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इनका प्रमुख दायित्व केंद्रीय नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्ययोजना को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाना है। इसके अंतर्गत गांवों में चौपालों, जनसभाओं एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से मनरेगा से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखा जाएगा।
कांग्रेस पार्टी का यह अभियान मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करने, लंबित भुगतान, घटते कार्यदिवस और सरकार की नीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व को विश्वास है कि इन अनुभवी कार्यकर्ताओं की तैनाती से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान अपने उद्देश्य में सफल होगा।